जनसभा / कांग्रेस, जेएमएम, राजद ने निर्दलीय को मुख्यमंत्री बनाकर 4000 करोड़ का घोटाला किया: रघुवर दास

रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास सिमरिया से भाजपा प्रत्याशी किशुन दास, माण्डू से जयप्रकाश भाई पटेल, हजारीबाग मनीष जायसवाल, बरही से मनोज यादव, बरकट्ठा जानकी यादव और कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी नीरा यादव के नामांकन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सिमरिया में कहा कि कांग्रेस, जेएमएम, राजद ने एक निर्दलीय को मुख्यमंत्री बनाकर 4000 करोड़ का घोटाला किया। राज्य के लौह अयस्क को चीन भेजने का पाप किया- सत्ता हमारे लिए साध्य है, साधन है। सत्ता हमारा मार्ग है, मंजिल नहीं। हमारे लिए सत्ता समाज के हर गरीब के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का माध्यम है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा अब मुद्रा मोचन पार्टी बनकर रह गया है। जब-जब जेएमएम सत्ता में आई, झारखण्ड को लूटने का काम किया। आरजेडी ने चारा खाया। कांग्रेस ने कोयला समेटा। ये क्या विकास करेंगे, इन्हें तो सिर्फ अपना विकास करना आता है। टंडवा में बनने वाले पावर प्लांट का काम कांग्रेस ने रोक दिया था, क्योंकि इन्हें झारखण्ड के विकास पर ब्रेक लगाना था। भाजपा सरकार ने टंडवा पावर प्लांट को दोबारा शुरू कराया और 2020 तक ये काम करने लगेगा।


गरीबी को समाप्त करना हमारी सरकार का लक्ष्य: रघुवर


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो से पूछिए, जब-जब सत्ता में आए तो बालू का ठेका बाहरियों को क्यों दे दिया? हम सत्ता में आए तो राज्य के बालू का ठेका राज्य की पंचायतों को दिया, राज्य के लोगों को उनका अधिकार दिया झारखण्ड मुद्रा पार्टी जब-जब सत्ता में आई केवल भ्रष्टाचार किया। राजद वालों की क्या कहें, वो तो चारा ही खा गए।  इनके तो नेता ही भ्रष्टाचार के अपराध में जेल में हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति देश को आगे ले जा सकती है, यह पीएम मोदी की सोच है। इसलिए हम मुख्यमंत्री सुकन्या योजना लाए, ताकि इसके तहत गरीब की बेटी भी पढ़े, आगे बढ़े, हमारा राज्य आगे बढ़े। भाजपा सरकार इसी नीति पर आगे बढ़ रही है, झारखण्ड जैसे समृद्ध राज्य से गरीबी को समाप्त करना हमारी सरकार का लक्ष्य है। आज झारखण्ड के किसानों को फसल से पहले 11 हजार से 31 हजार रुपए मिल रहे हैं। बेटियों की पढ़ाई और विदाई के लिए 70 हजार की आर्थिक मदद दी जा रही है। महिलाएं सखी मंडलों से जुड़कर 500 करोड़ के रेडी-टू-ईट प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं।


अनुच्छेद 370 और राम मंदिर पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनाई और जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से आजादी मिली। मोदी ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया, मोदी झारखण्ड के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे। हमें फिर एक बार झारखण्ड में मोदी के नेतृत्व को चुनना है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। ये पहले भी हो सकता था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राम मंदिर पर राजनीति की, कोर्ट में ये मामला उलझाए रखा। करोड़ों देशवासियों की इच्छा है कि अयोध्या में दिव्य और भव्य राम मंदिर बने। मोदी के नेतृत्व में गगनचुंबी राम मंदिर का सपना भी साकार होगा। 


बरही में मुख्यमंत्री ने कहा- भाजपा की सरकार बनी ताे पिछड़ा वर्ग का आरक्षण बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने बरही में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही पहला कार्य होगा पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में वृद्धि करना। सर्वेक्षण कर उनका हक दिलाया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी मनोज कुमार यादव ने कहा कि हमारा चोला, छाप बदला हैं। हमारा दिल नहीं बदला है। जनता के आशीर्वाद से ही आज तक बरही की जनता की सेवा करता आया हूं। पिछले 15 वर्ष की तुलना में वर्तमान पांच वर्ष का कार्यकाल बेहतर रहा। विकास के क्षेत्र में समुचित विकास हुआ है। अबकी बार पुन: रघुवर की सरकार बनेगी, कमल पर वोट देकर राज्य व अपने क्षेत्र को सशक्त बनाने में सहयोग करें।


हजारीबाग में मुख्यमंत्री...
हजारीबाग में मांडु प्रत्याशी जयप्रकाश भाई पटेल और हजारीबाग से मनीष जायसवाल के नामांकन में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद राजनीतिक अस्थिरता थी, जिससे विकास अवरुद्ध हो चुका था, कानून-व्यवस्था की उतनी सुदृढ़ नहीं थी जितनी होनी चाहिए थी। परिणामस्वरूप यह राज्य उग्रवाद से ग्रस्त के रूप जाना जाने लगा। यह राज्य भ्रष्टाचार व उग्रवाद के लिए जाना जाने लगा। हमने 5 वर्ष में बेदाग सरकार दी। राज्य की जनता अमन-चैन की जिंदगी जी रही है। पहले जनता डरी रहती थी, क​ब किस उग्रवादी का फोन आ जाए, मां-बहनों को उठा ले जाएं। स्थिर व मजबूत सरकार आपने बनाई, तो हमने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया। हमारे राज्य के बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे राज्य न जाना पड़े, हमारी सरकार इस दृष्टि से काम करती है। कांग्रेस, झामुमो और ये नामधारी पार्टियां राज्य के युवाओं के साथ खिलवाड़ करती रहीं। हमने तृतीय व चतुर्थ ग्रेड की नौकरियों की भर्ती स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित कर दी। 


पांच साल में भाजपा की डबल इंजन की सरकार के काम बेमिसाल: जयंत सिन्हा


 हजारीबाग से भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने कहा कि 12 दिसम्बर को फिर एक बार फिर हजारीबाग की जनता को जनता को निर्णय करना है कि वोट किसको दिया जाए। एक तरफ क्षेत्रवाद, जातिवादी, वंशवाद और विनाश की राजनीति है और दूसरी ओर भाजपा की विकास की राजनीति, विश्वास की राजनीति नजए आएगी। पिछले 5 साल में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जो काम करके दिखाए हैं, जो रफ्तार मिली है, वो अद्भुत है। जो 60 साल की सरकारें नहीं कर पाईं, वो पीएम मोदी की सरकार और मुख्यमंत्री रघुवर दास सरकार ने 5 साल में कर दिखाया है। जयंत सिन्हा ने कहा कि डबल इंजन जी की सरकार नहीं होती, मोदी प्रधानमंत्री नहीं होते या रघुवर दास मुख्यमंत्री नहीं होते तो इतनी जल्दी मेडिकल सुविधा की स्थापना नहीं हो पाती। इसलिए इस चुनाव में आप सबको भारतीय जनता पार्टी की बहुमत की सरकार फिर बनवानी है। 


स्थाई सरकार बनती है तो विकास की धारा बहती है: नंदकिशोर यादव


वहीं हजारीबाग की जनसभा में पहुंचे भाजपा के झारखंड विधानसभा सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने कहा कि जब से रघुवर दास ने झारखण्ड के मुख्यमंत्री की कमान संभाली है, तब से राज्य सुख-समृद्धि व विकास की ओर बढ़ रहा है। मैं झारखण्ड में जहां जाता हूं, लोग कहते हैं, हर जगह बढ़िया काम हो रहा है। मुझे तो आश्चर्य होने लगता है कि कोई एक मुख्यमंत्री केवल पांच साल के अंदर इतना काम कैसे कर सकता है। जब राज्य का मुख्यमंत्री मजबूत होता है, स्थाई सरकार बनती है तो विकास की धारा बहती है। ये काम करने वाले मुख्यमंत्री रघुवर दास झारखण्ड का भविष्य बनाने वाले हैं।


Popular posts